नक्सलियों के खिलाफ लड़ाई को और बेहतर रणनीति के साथ लड़ा जाएगा : CM भूपेश

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा है कि नक्सलियों के खिलाफ लड़ाई को और बेहतर रणनीति के साथ लड़ा जाएगा। मुख्यमंत्री ने सोमवार को बीजापुर में बासागुड़ा CRPF कैंप पहुंचकर CRPF और राज्य पुलिस बल के अधिकारियों और जवानों से वर्तमान हालात के बारे में चर्चा की। इस दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी मौजूद थे। इस अवसर पर सभी लोगों ने दो मिनट का मौन धारण कर बीजापुर की नक्सल घटना में शहीद जवानों को श्रद्धांजलि दी।
मुख्यमंत्री बघेल ने बीजापुर जिले के बासागुड़ा CRPF कैंप में सुरक्षा बलों के जवानों को संबोधित करते हुए कहा कि हमारे जवानों का बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा। हमारे जवानों ने अदम्य साहस और बहादुरी के साथ नक्सलियों का मुकाबला किया है, जिससे नक्सलियों को काफी नुकसान हुआ है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे जवान बुलंद हौसले के साथ नक्सलियों से लड़े। उनकी शहादत पर हमें गर्व है।
सीएम ने कहा कि नक्सलियों के खिलाफ चल रही लड़ाई को अब और बेहतर रणनीति के साथ लड़ा जाएगा। मुख्यमंत्री ने बीजापुर-सुकमा के दूरस्थ और सीमावर्ती इलाकों के विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ संचालित करने की बात कही। इस मौके पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कैंप में सुरक्षा बल के जवानों का हौसला बढ़ाया।
CM और केंद्रीय गृहमंत्री ने की घायल जवानों से मुलाकात
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह बीजापुर के नक्सल घटना में घायल जवानों का हाल जानने रामकृष्ण केयर अस्पताल, नारायणा, बालाजी और एनएच एमएमआई अस्पताल पहुंचे। जहां CM बघेल और केंद्रीय गृह मंत्री शाह ने घायल जवानों से मुलाकात की और उनका हौसला बढ़ाते हुए जल्द स्वास्थ्य लाभ की कामना की।

मुख्यमंत्री और केंद्रीय गृह मंत्री ने जवानों के स्वास्थ्य की स्थिति के बारे में अस्पताल प्रबंधन से चर्चा की और बेहतर इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू, खाद्य मंत्री अमरजीत भगत और अन्य जनप्रतिनिधिगण उपस्थित थे।

नक्सलियों के खिलाफ अभियान को पहुंचाया जाएगा अंजाम तक
मुख्यमंत्री बघेल ने कहा कि नक्सलियों के खिलाफ सुरक्षा बलों के आपरेशन जारी रहेंगे और इस अभियान को अंजाम तक पहुंचाएंगे। नक्सलियों के प्रभाव क्षेत्र में कैंपों की स्थापना का काम तेजी से किया जाएगा। क्षेत्र में विकास के कार्यों में भी तेजी लाई जाएगी।

क्षेत्र में विकास कार्यों में लाई जाएगी और तेजी
जगदलपुर में जवानों को श्रद्धांजलि देने और इस संबंध में उच्च स्तरीय बैठक में शामिल होने के बाद CM बघेल ने कहा कि मैं शहीद जवानों को नमन करता हूं, उनके बलिदान को प्रणाम करता हूं। मैं उनके परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट करता हूं। हमारे जवानों ने बहुत साहस से नक्सलियों का सामना किया है, जिससे नक्सलियों की भारी क्षति हुई है।

सीएम ने कहा कि इस क्षेत्र में नये कैम्प स्थापित किए जा रहे हैं, जिससे नक्सलियों की बौखलाहट दिख रही है। नक्सली सीमित दायरे में सिमट गए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसा पहली बार हुआ है कि हम नक्सलियों की मांद में घुस चुके हैं।

उन्होंने कहा कि केन्द्र और राज्य सरकार क्षेत्र में विकास के कार्यों में तेजी लाते हुए मिलकर कार्य कर रहे हैं। सड़कों के निर्माण के साथ कनेक्टीविटी देने और योजनाओं का लाभ अंदरूनी क्षेत्रों में पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बैठक में इस संबंध में सार्थक बातचीत हुई है और उन्हें उम्मीद है कि केन्द्र सरकार हमारी मांगों पर उचित कार्रवाई करेगी।